सोहागपुर में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मना श्रीराम जन्मोत्सव निकाली विशाल शोभायात्रा

सोहागपुर। श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर सोहागपुर नगर में परंपरागत हर्षोल्लास के साथ श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर श्रीराम नवमी जन्मोत्सव स्मृति समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
श्रीराम के स्वरूप में अनंत तिवारी, लक्ष्मण के रूप में आदर्श तिवारी, और श्रीहनुमान के रूप में अनंत पटवा नगरवासियों का ध्यान आकर्षित करते हुए शोभायात्रा में सुशोभित हो रहे थे। नगर के प्रमुख मार्गों से गुज़रती इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

शोभायात्रा मार्ग पर भव्य सजावट की गई थी।
शोभायात्रा की शुरुआत श्री हनुमान नाका स्थित शिव-पार्वती मंदिर से हुई, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी शोभायात्राएं जुड़ती गईं, जिससे इसका स्वरूप और भी विशाल बन गया।

शोभायात्रा बिहारी चौक, कमानिया गेट, श्रीराम चौक होते हुए पलकमती नदी पुल पार कर सिविल कोर्ट चौराहा तक पहुंची। श्रीराम चौक पर आकर्षक आतिशबाजी की गई, और सिविल कोर्ट चौराहा पर हनुमान चालीसा पाठ, आरती व प्रसाद वितरण के साथ इसका समापन हुआ।
पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के चलते आयोजन निर्विघ्न सम्पन्न हुआ। टीआई कंचन सिंह ठाकुर और एसडीओपी संजू चौहान ने पूरे स्टाफ के साथ मोर्चा संभाल रखा था।

श्रीराम जन्मोत्सव समिति के संतोष सराठे व वेदांत सोनी ने बताया कि शोभायात्रा में विधायक विजयपाल सिंह, वरिष्ठ नागरिक राजेंद्र सिंह चौधरी, कन्नूलाल अग्रवाल, मंगलसिंह रघुवंशी, पंडित प्रकाश मुदगल, महंत गुलशन महाराज, पुष्पराज पटेल, अभिलाष चंदेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने भी जगह-जगह श्रीराम भक्तों का स्वागत किया। मुस्लिम समाज, व्यापारी संघ, सराफा व्यापार मंडल, जैन समाज, भाजपा, सिंधी समाज, पटवा समाज, कुशवाहा समाज और अन्य संगठनों ने जल, शरबत, मिष्ठान व फलाहारी खाद्य पदार्थों से श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।
