| | | |

सतपुड़ा में बाघों की बहार: नाइट सफारी में मादा टाइगर अपने चार शावकों के साथ दिखाई दी,         आंकड़ा 70 पार


सतपुड़ा में बाघों की बहार: नाइट सफारी में मादा टाइगर अपने चार शावकों के साथ दिखाई दी, आंकड़ा 70 पार

सोहागपुर।
सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व (STR) में वन्यजीवों की संख्या में लगातार इज़ाफा हो रहा है। बेहतर वाइल्डलाइफ मैनेजमेंट और सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण की वजह से यहां टाइगर्स की आबादी अब 70 के पार पहुंच चुकी है। हाल ही में बागरा बफ़र ज़ोन के जमानी देव क्षेत्र में नाइट सफारी के दौरान पर्यटकों को एक दुर्लभ दृश्य देखने को मिला—मादा टाइगर अपने चार शावकों के साथ खुले में विचरण करती नजर आई।

इस अनोखे नज़ारे को पर्यटकों ने अपने कैमरे में क़ैद कर लिया, जो STR में वन्यजीव संरक्षण की सफलता का प्रतीक बन गया है।

10 रेंजों में फैला सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व

सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व का दायरा 10 प्रमुख रेंजों में फैला है, जिनमें कामती, बागरा, मटकुली, चूरना, पिपरिया, पचमढ़ी, बोरी और तवा बफ़र रेंज शामिल हैं। यहाँ टाइगर के अलावा बायसन, तेंदुआ, भालू, सांभर, चीतल, नीलगाय, जंगली कुत्ते, बारहसिंगा और विभिन्न प्रजातियों के पक्षी व तितलियाँ भी बड़ी संख्या में पाई जाती हैं।

पर्यटन को बढ़ावा देने बने तीन नए सब-स्टेशन

पर्यटन गतिविधियों को और सशक्त बनाने के लिए STR प्रबंधन ने बफ़र क्षेत्र में तीन नए सब-स्टेशन—परसा पानी, विनेका और जमानी देव—की स्थापना की है। यहाँ नाइट सफारी जैसी गतिविधियाँ रात 10 बजे तक संचालित की जा रही हैं, जिससे पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्राप्त हो रहा है।

वन्यजीव संरक्षण में उल्लेखनीय प्रगति

एसडीओ अंकित जामोद ने बताया कि वन्यजीवों की संख्या में बढ़ोतरी संरक्षण के सही प्रयासों का परिणाम है। शुक्रवार को जमानी देव क्षेत्र में मादा बाघिन अपने चार शावकों के साथ देखी गई। वहीं परसा पानी और विनेका क्षेत्रों में भी बाघों की जोड़ी देखे जाने की सूचनाएँ सामने आई हैं।



साझा करें

Similar Posts