टाइगर की दस्तक से सहमा गुढला गांव,पिंजरे में कैद करने की तैयारी में जुटा वन विभाग शिकारियों की आमद के साथ वन अमला हुआ सक्रिय। बाइक के साथ भरी हुई बंदूक और जिंदा कारतूस बरामद

सोहागपुर ।बाबाई के समीपवर्ती ग्राम गुढ़ला, धनसी और शुक्करबाड़ा में टाइगर की लगातार दस्तक और शिकारियों की आमद के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। टाइगर को पकड़ने के लिए क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
शनिवार रात को गुढ़ला के जंगल में वन विभाग के गश्ती दल ने एक मोटरसाइकिल से बंदूक और गोली जब्त की, जिससे विभाग और ज्यादा सतर्क हो गया। इसके बाद सोहागपुर एसडीओ वन (सामान्य) रचना शर्मा के नेतृत्व में शनिवार रात 2 बजे क्षेत्र में टाइगर को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया।

टाइगर की मूवमेंट पर नजर
एसडीओ रचना शर्मा ने बताया कि टाइगर नदी के रास्ते से ग्राम गुढ़ला, धनसी और शुक्करबाड़ा के बीच लगातार देखा जा रहा है। इसे पकड़ने के लिए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम, सहायक संचालक अकीत जामोद के नेतृत्व में मौके पर पहुंची है।
जानकारी के अनुसार, टाइगर इस समय ग्राम गुढ़ला और धनसी के बीच एक नाले में मौजूद है। यहां उसके पगमार्क भी मिले हैं। नाले के पास पिंजरा लगाकर उसमें शिकार रखकर टाइगर को लाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह टाइगर युवा है और इससे पहले भी इस क्षेत्र में उसकी हलचल देखी गई है।

पशु शिकार के बाद बनी टाइगर की रुचि
उल्लेखनीय है कि टाइगर ने कुछ दिन पहले नाले के पास गाय और बकरे का शिकार किया था और खाने के लिए वह दो-तीन बार उसी जगह पर लौटा है। इसीलिए पिंजरे की निगरानी गश्ती दल द्वारा लगातार की जा रही है।
शिकारियों की साजिश नाकाम
एसडीओ शर्मा के अनुसार, मूंग के खेतों में भी ग्रामीणों ने टाइगर को देखा था। शुक्रवार रात को वन विभाग की टीम को एक बिना नंबर की बाइक, एक गोली से भरी बंदूक, एक जिंदा कारतूस और दो चाकू मिले। बाइक के आसपास शिकारियों की मौजूदगी थी, लेकिन गश्ती दल को देखकर वे फरार हो गए।
इसके बाद वन विभाग ने छह-छह सुरक्षाकर्मियों की दो से तीन टीमें बनाईं हैं, जो 24 घंटे अलग-अलग समय पर क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। जब्त की गई बाइक के इंजन नंबर से मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।

संयुक्त प्रयास से टाइगर पर काबू की कोशिश
टाइगर को पकड़ने के लिए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पूरा मोर्चा संभाल लिया है। बरामद हथियार और वाहन किसके हैं, इसकी जांच जारी है। ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।