एक पौधा, एक जीवन – मिशन ग्रीन से हरियाली की ओर”। आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए सफल पौधा रोपण ही एक मात्र विकल्प

सोहागपुर। पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित समाजसेविका श्रीमती मनीषा सोमेश सिटोके ने विश्व पृथ्वी दिवस पर “मिशन ग्रीन” के तहत नगरवासियों और प्रदेश के नागरिकों से सार्थक पौधारोपण की अपील की है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश की 9 करोड़ से अधिक आबादी में से प्रत्येक व्यक्ति अपने घर या आसपास एक पौधा सफलता पूर्वक लगाकर उसे संपूर्ण देखभाल के साथ बड़ा करता है, तो आने वाले वर्षों में प्रदेश में 9 करोड़ से अधिक पेड़ तैयार हो सकते हैं। इससे न केवल गर्मियों के तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि वर्षा की मात्रा भी बढ़ेगी और पर्यावरण संतुलित रहेगा।

श्रीमती सिटोके ने आमजन से प्रश्न करते हुए कहा कि हम अपने शौक, जैसे केक, कपड़े या बाइक पर हजारों रुपए खर्च करते हैं, लेकिन मात्र 20 रुपए का एक पौधा भी यदि हम लगाएं, तो वह हमारी आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध प्राणवायु देने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जन्म, मृत्यु, विवाह, वर्षगांठ और अन्य अवसरों पर स्मृति स्वरूप पौधारोपण किया जाए। यह न केवल पर्यावरण के लिए वरदान होगा, बल्कि प्रियजनों की स्मृतियां भी लहलहाते पौधों के रूप में सजीव रहेंगी और हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन देती रहेंगी।

वन्य प्राणी जीवन में भी रुचि और दखल रखने वाली श्रीमती सिटोके ने अपने अभियान के तहत सभी से आग्रह किया कि वे इस आंदोलन का हिस्सा बनें और हरित क्रांति में सहयोग कर धरती को पुनः हरा-भरा बनाने का संकल्प लें।